एनआईटी जमशेदपुर में 29 नवंबर को होगा 16वां दीक्षांत समारोह, 1,224 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
दो प्रतिष्ठित हस्तियों को मानद डी.लिट्., मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे 23 पदक, प्लेसमेंट में 95.11 प्रतिशत सफलता

आदित्यपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में 29 नवंबर 2026 को 16वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में संस्थान के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएच.डी. पाठ्यक्रमों के कुल 1,224 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दो स्वर्ण और 21 रजत सहित कुल 23 पदकों से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में समाज सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डी.लिट्.) की उपाधि भी दी जाएगी। आगामी दीक्षांत समारोह को लेकर 27 नवंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्थान के अधिकारियों ने इसकी तैयारियों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। इस दौरान शासी मंडल के अध्यक्ष सुनील अलघ, निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, कुलसचिव (प्रभारी) डॉ. सरोज कुमार सारंगी, डीन एकेडमिक प्रो. एम.के. सिन्हा, डीन एलुमनी डॉ. रश्मि सिन्हा, मीडिया प्रभारी डॉ. रत्नेश कुमार मिश्रा तथा प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. पी.के. कुंडू उपस्थित रहे।
1,224 उपाधियां और 23 पदक होंगे प्रदान
संस्थान की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 1,224 उपाधियों में 736 बीटेक, 184 एमटेक, दो एम.डिजाइन, 100 एमएससी, 112 एमसीए और 90 पीएच.डी. की उपाधियां शामिल हैं। मेधावी विद्यार्थियों को दो स्वर्ण और 21 रजत पदक प्रदान किए जाएंगे। स्वर्ण पदक विजेताओं में रितिशा रंजन और अमिय रंजन कबी शामिल हैं। रजत पदक पाने वालों में रोहित शुक्ला, सोमेश द्विवेदी, रितिशा रंजन, अंजलि वर्मा, दृष्टि सुमन, तनिषा श्रीवास्तव, सुमन मैती, अर्णव राज, अपूर्व सुंदर नायक, दिब्यरंजन बेहेरा, सौरव बाउरी, तुनिर सरकार, नैन्सी वर्मा, प्रियंका गुप्ता, मुस्कान राज, रोली गौतम, सोनाली कुमारी, मोहित सिंह, अमिय रंजन कबी, छंदा नियोगी और सिंगम वेंकट कृष्ण प्रताप रेड्डी शामिल हैं।
अशोक भगत और डॉ. अच्युत सामंत को मानद डी.लिट्.
दीक्षांत समारोह में विकास भारती के सचिव एवं प्रख्यात समाजसेवी अशोक भगत तथा राज्यसभा एवं लोकसभा के पूर्व सदस्य और KIIT डीम्ड विश्वविद्यालय, ओडिशा के संस्थापक-कुलाधिपति एवं मार्गदर्शक प्रो. डॉ. अच्युत सामंत को मानद डी.लिट्. की उपाधि प्रदान की जाएगी। समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य एवं डीआरडीओ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जी.एस. रेड्डी, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सत्य पाल सिंह, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा, KIIT के कुलपति डॉ. सरनजीत सिंह, सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक डॉ. गोपाल पाठक सहित शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, रक्षा अनुसंधान और समाज सेवा से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
प्लेसमेंट में 95.11 प्रतिशत सफलता
एनआईटी जमशेदपुर ने प्लेसमेंट और इंटर्नशिप के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। संस्थान के अनुसार प्लेसमेंट सत्र में 661 स्नातक विद्यार्थियों को रोजगार मिला जिससे प्लेसमेंट दर 95.11 प्रतिशत रही। स्नातक विद्यार्थियों का सर्वोच्च वार्षिक पैकेज 94.25 लाख रुपये, औसत पैकेज 14.36 लाख रुपये और माध्यिका पैकेज 12.13 लाख रुपये रहा। कुल 14 विद्यार्थियों को 50 लाख रुपये से अधिक का वार्षिक पैकेज मिला। स्नातकोत्तर स्तर पर 263 विद्यार्थियों का प्लेसमेंट हुआ, जिनका सर्वोच्च वार्षिक पैकेज 46 लाख रुपये रहा। इसके अतिरिक्त 430 विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप प्राप्त की। इस पूरी प्रक्रिया में 280 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। संस्थान के अधिकारियों के अनुसार 16वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति एनआईटी जमशेदपुर की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करेगा। संस्थान ने सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनसे अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से समाज एवं देश के विकास में योगदान देने की अपेक्षा जताई है।