"कोई भी व्यक्ति न्याय और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे"
सरिया प्रखंड में जिला विधिक सेवा प्राधिकार का कानूनी जागरूकता शिविर, मुफ्त कानूनी सहायता व अधिकारों की दी जानकारी

गिरिडीह: रांची JHALSA के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) गिरिडीह की ओर से शुक्रवार को सरिया प्रखंड मुख्यालय सभागार में प्रखंड स्तरीय कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ DLSA के LADC डिप्टी चीफ गौरी शंकर सहाय, पैनल अधिवक्ता अमित कुमार, सरिया बीडीओ ललित नारायण तिवारी तथा सीएलएफ रीना देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर JSLPS की महिलाओं ने अतिथियों का झारखंडी जोहार माला एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
शिविर को संबोधित करते हुए LADC डिप्टी चीफ गौरी शंकर सहाय ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और उसके अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है। वहीं पैनल अधिवक्ता अमित कुमार ने कहा कि "कोई भी व्यक्ति पैसों के अभाव में न्याय से वंचित न रहे।" उन्होंने मुफ्त कानूनी सहायता, निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा, छोटे मामलों के सुलह-समझौते से निपटारे तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पीएलवी (PLV) से संपर्क करने की अपील की। साथ ही महिला अधिकार, घरेलू हिंसा, बाल विवाह और श्रम कानूनों पर विस्तार से जानकारी दी।
सरिया बीडीओ ललित नारायण तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत गठित विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि रफीक अंसारी, बालेश्वर मरांडी, महेन्द्र मंडल, बीपीआरओ संजय वर्णवाल, बीसीएसबीएम अमित वर्मा, पीएलवी प्रदीप कुमार, सचिव बैजनाथ, कैलाश कुमार, सभी पंचायत सचिव, मुखिया, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।