प्रतिष्ठा द्वादशी पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आज रामलला का महाअभिषेक, राजनाथ सिंह और सीएम योगी होंगे शामिल
अयोध्या में भक्ति और आस्था का महोत्सव, श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जा रही

अयोध्या स्थित दिव्य और भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रतिष्ठा द्वादशी के पावन अवसर पर आज श्रीराम लला का विधि-विधान से अभिषेक किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पूर्वाह्न 11 बजे श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे और लगभग चार घंटे तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। इस दौरान वे परकोटा क्षेत्र में स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण भी करेंगे। प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर श्रीराम लला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ मनाई जा रही है जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आज मंदिर परिसर में यज्ञ, हवन और पूजन की पारंपरिक विधियां संपन्न होंगी। रक्षामंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संत-महात्मा, धर्माचार्य एवं देश-विदेश से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे। अनुष्ठान के उपरांत राजनाथ सिंह अंगद टीला परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 3:20 बजे अयोध्या से प्रस्थान करेंगे।