बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किया माल्यार्पण, दी श्रद्धांजलि
कुकड़ू प्रखंड कार्यालय और डाटम स्थित बिरसा मुंडा चौक पर मनाया गया झारखंड स्थापना दिवस

कुकड़ू : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं 26वें झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर और डाटम स्थित बिरसा मुंडा चौक पर स्थापित उनकी स्मारक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर, गंगाधर महतो, पंचानन महतो और देव कुमार ने संयुक्त रूप से भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी-मूलवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने झारखंड राज्य के गठन में आंदोलनकारियों की भूमिका को याद करते हुए कहा कि अलग राज्य के निर्माण के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया गया। झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्हीं के प्रयासों के परिणामस्वरूप झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और झारखंड आंदोलनकारियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राज्य के विकास और समाज की बेहतरी के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के माध्यम से धरती आबा बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष और झारखंड आंदोलन के इतिहास को याद किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।