गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव पर हर सिख परिवार लगाए एक पौधा : हरविंदर सिंह जमशेदपुरी
प्रकाश पर्व पर घरों में दीपमाला और निशान साहिब सजाने की अपील, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

जमशेदपुर : प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव को लेकर युवा सिख धर्म प्रचारक एवं विचारक हरविंदर सिंह जमशेदपुरी ने समस्त सिख संगत से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि आगामी 24 नवंबर को प्रकाशोत्सव के अवसर पर प्रत्येक सिख परिवार अपने घर में दीपमाला कर खुशियां मनाए और गुरु साहिब के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। हरविंदर सिंह जमशेदपुरी ने गुरु नानक देव जी की पावन बाणी “पवणु गुरु, पाणी पिता, माता धरत महत” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वाणी हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश देती है। इसका भावार्थ है कि हवा गुरु के समान, पानी पिता के समान और धरती महान माता के समान है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम गुरु, पिता और माता का सम्मान करते हैं उसी प्रकार हवा, पानी और धरती की रक्षा करना भी हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के प्रकाशोत्सव पर पौधारोपण करना उनकी शिक्षाओं को व्यवहार में उतारने का सार्थक प्रयास होगा। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। जमशेदपुरी ने संगत से अपने-अपने घरों में निशान साहिब स्थापित करने की भी अपील की ताकि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि केवल नगर कीर्तन में शामिल होना ही सच्ची श्रद्धा नहीं है बल्कि गुरु साहिब के विचारों और सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना वास्तविक गुरु भक्ति है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उनके प्रकाशोत्सव की सार्थकता तभी है जब हम इन शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें। अंत में उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।