ताज़ा-ख़बर

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली के चौथे दिन मांडू की 714 महिला अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 426 रहीं अनुपस्थित

रिपोर्ट: VBN News Desk18 घंटे पहलेझारखण्ड

सिद्धू-कान्हू मैदान में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई होमगार्ड बहाली परीक्षा, 28 अक्टूबर को पतरातू के पुरुष अभ्यर्थियों की बारी

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली के चौथे दिन मांडू की 714 महिला अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, 426 रहीं अनुपस्थित

रामगढ़ : जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का चौथा दिन मंगलवार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। चौथे दिन मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। निर्धारित 1,140 अभ्यर्थियों में से 714 उपस्थित रहीं जबकि 426 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं। जिला प्रशासन की देखरेख में परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की गई। बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास के साथ अनुशासन तथा अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध

परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया। सिद्धू-कान्हू मैदान स्थित परीक्षा केंद्र में केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया था।

28 अक्टूबर को पतरातू के पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा

बहाली के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर को पतरातू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद पतरातू की महिला अभ्यर्थियों के साथ रामगढ़, गोला और चितरपुर प्रखंडों के अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों पर परीक्षा में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त शहरी गैर-तकनीकी एवं तकनीकी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा भी तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन का जोर पूरी बहाली प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने पर है।

इन्हें भी पढ़ें.