नामांकन की अंतिम तिथि पर सरायकेला में बढ़ी चुनावी हलचल, सबसे ज्यादा आदित्यपुर नगर निगम के उम्मीदवार मैदान में
नामांकन प्रक्रिया समाप्त, सरायकेला जिले के तीनों निकायों में अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के लिए दर्ज हुए दर्जनों नामांकन

सरायकेला-खरसावां : जिले में नगर पालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत बुधवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पर चुनावी गतिविधियां अपने चरम पर रहीं। जिला प्रशासन द्वारा जारी नाम-निर्देशन संबंधी दैनिक विवरणी के अनुसार जिले के तीनों नगर निकायों (आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत) में अध्यक्ष/महापौर एवं वार्ड पार्षद पद के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। जारी आंकड़ों के मुताबिक आदित्यपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 9 उम्मीदवारों ने नामांकन किया जिनमें 4 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। वहीं इस निकाय में वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 67 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं जिनमें 35 महिलाएं हैं। कपाली नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 3 नामांकन प्राप्त हुए जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 42 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया जिनमें 18 महिलाएं शामिल हैं। सरायकेला नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 4 नामांकन हुए जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 15 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया जिनमें 5 महिला प्रत्याशी हैं। नामांकन प्रक्रिया के पूर्ण होने के साथ ही अब चुनावी रणभूमि स्पष्ट हो गई है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सभी नामांकन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए। अब आज यानी गुरुवार से अगला चरण नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी का होगा जिसके बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।