वट सावित्री पूजा पर महिलाओं ने की पति की दीर्घायु की कामना
महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर भगवान विष्णु व माता सावित्री का स्मरण किया।

Ajay Kumar
हिरणपुर (पाकुड़):प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा, आस्था व पारंपरिक विधि-विधान के साथ वट सावित्री पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली की कामना की।
सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर पूजा सामग्री के साथ वट वृक्ष के समीप पहुंचीं। पूजा के दौरान महिलाओं ने वट वृक्ष पर कच्चा धागा बांधते हुए उसकी परिक्रमा की व सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वट सावित्री व्रत रखने से पति की आयु लंबी होती है और वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहता है।
महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर भगवान विष्णु व माता सावित्री का स्मरण किया। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा का आयोजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों व वट वृक्ष स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालु महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।