सड़क किनारे खुले गड्ढों से मंडरा रहा हादसे का खतरा, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे सवाल
एयरटेल केबल बिछाने में लापरवाही का आरोप, जिला प्रशासन की निगरानी पर सवाल; ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की

बरवाडीह : लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत छिपादोहर से लाभर के बीच एयरटेल टेलीकॉम कंपनी द्वारा भूमिगत केबल बिछाने का कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे खोदे गए गहरे गड्ढों को बिना बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा अथवा चेतावनी बोर्ड लगाए खुले छोड़ दिए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मामले में जिला प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी की जा रही है। कई स्थानों पर सड़क के बिल्कुल किनारे गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं लेकिन वहां न तो चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ऐसे में विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग समय-समय पर निर्माण कार्य की निगरानी करते, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उनका कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का कार्य करते समय सुरक्षा मानकों का पालन कराना प्रशासन की भी जिम्मेदारी है। लापरवाही के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी के साथ-साथ निगरानी करने वाले विभागों की भी होगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, सड़क निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण स्थल पर तत्काल बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराए जाएं। साथ ही खुले गड्ढों को सुरक्षित ढंग से ढकने तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और किसी प्रकार की जनहानि हुई, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी और जिला प्रशासन की होगी।