पलामू में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश मालवा ने रचा कीर्तिमान
80 वर्षीय बुजुर्ग महिला का किया सफल कूल्हा प्रत्यारोपण

मेदिनीनगर : पलामू में चिकित्सा जगत के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई है। जहां मेदिनीनगर के एक क्लीनिक में आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. राजेश मालवा, सर्जन डॉ. अनवर नेज़ाम, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. श्रवण ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला का सफल कूल्हा प्रत्यारोपण (Hip Replacement) किया। उम्र के इस पड़ाव पर इतनी जटिल सर्जरी का सफल होना चिकित्सा विज्ञान और विशेषज्ञों के कौशल की मिसाल है।
दरअसल पलामू के जी न्यूज संवाददाता श्रवण सोनी की दादी कुछ महीने पहले घर में गिर गई थी, जिसके कारण उनका कूल्हा जोड़ टूट गया था और इसी कारण वो चलने-फिरने में असमर्थ थीं। परिवार की सलाह पर उन्हें डॉ. मालवा और डॉ. नेज़ाम के मार्गदर्शन में अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां अत्याधुनिक तकनीक और सटीक सर्जिकल प्रक्रिया के जरिए डॉक्टरों ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
वहीं मरीज का हीमोग्लोबिन कम रहने के कारण जिला आपूर्ति कार्यालय के ऑपरेटर राहुल सिंह और पलामू पुलिस के सहायक पुलिस जवान अभिषेक धर दुबे ने रक्तदान भी किया। जटिल सर्जरी के बाद रुकमनी देवी की हालत स्थिर है और वे अब धीरे-धीरे चलना भी शुरू कर सकेंगी। इस ऑपरेशन में सीनियर ओटी असिस्टेंट मो. चांद, मो. दाऊद, दिलीप कुमार, जेपी यादव, उपेंद्र कुमार, अनीता तिग्गा, अरशद अंसारी, चांदनी रुकसाना समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।