रांची में किन्नर समुदाय पर बाहरी समूहों की घुसपैठ, गुरु माँ अनवर हाजी ने सुरक्षा और न्याय की लगाई गुहार
धनबाद-पटना-समस्तीपुर से आए असामाजिक किन्नरों पर मारपीट, वसूली और धमकाने के आरोप, समुदाय ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की

रांची के किन्नर समुदाय में इन दिनों तनाव बढ़ता जा रहा है। शहर में कई दशकों से बधाई मांगने की परंपरा निभाती आ रहीं गुरु माँ अनवर हाजी ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ समय से झारखंड और बिहार के कई जिलो जैसे धनबाद, बोकारो, पटना, समस्तीपुर से आए बाहरी किन्नर शहर में जबरन दखल दे रहे हैं। उनके अनुसार, यह समूह किसी संगठित गिरोह की तरह व्यवहार कर रहा है और स्थानीय किन्नरों के साथ मारपीट, धमकी और अवैध वसूली तक कर रहा है। अनवर हाजी ने बताया कि धनबाद में उनकी सहयोगी किन्नर सुनैना के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उससे 50 लाख रुपये छीन लिए गए थे। अब वही लोग रांची आकर उसी तर्ज पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका आरोप है कि यह बाहरी समूह जबरन बधाई मांगता है लोगों को धौंस देता है और किन्नर समुदाय की पारंपरिक मर्यादा और नियमों का उल्लंघन कर रहा है। बता दें कि भारत में किन्नर समुदाय गुरु-चेला प्रणाली पर चलता है जिसमें क्षेत्र, बधाई मांगने के नियम और सामाजिक आचार-व्यवहार के सख्त मानदंड होते हैं। बाहरी समूहों द्वारा किसी शहर में बिना अनुमति प्रवेश या वसूली करना समुदाय की परंपरा के खिलाफ माना जाता है। समुदाय इसे घुसपैठ और नियमों का उल्लंघन मानता है। अनवर हाजी ने रांची के अनुमंडल पदाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है ताकि शहर में शांति और व्यवस्था बनी रहे और स्थानीय किन्नर समुदाय अपनी आजीविका सुरक्षित रूप से चला सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो हालात धनबाद जैसी अराजकता की ओर बढ़ सकते हैं। बाहरी किन्नरों में सांवरिया, संगीता, ज्योति, अरुणा और बबीता के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। मामला अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।