संसद में महिला आरक्षण को पद्मश्री छूटनी महतो ने बताया ऐतिहासिक कदम, राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा: राहुल गांधी में पीएम बनने की क्षमता ही नहीं
मोदी सरकार के फैसलों का खुलकर किया समर्थन, कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल

सरायकेला : महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर सियासत तेज हो गई है। डायन प्रथा उन्मूलन के लिए संघर्ष करने वाली पद्मश्री छूटनी महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कदमों का समर्थन करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। छूटनी महतो ने कहा कि संसद का सत्र बढ़ाकर महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में कदम उठाना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पिछले 30 वर्षों में इस दिशा में ठोस काम नहीं कर सकी जबकि मोदी सरकार ने कम समय में ही बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री ने बैठक के लिए बुलाया तो कांग्रेस ने इसमें सक्रिय भागीदारी क्यों नहीं दिखाई। उनके मुताबिक कांग्रेस को यह अहसास हो चुका है कि अब वह सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी इसलिए वह ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी गंभीर नहीं है। राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि उनमें देश का नेतृत्व करने की क्षमता नहीं है और वे किसी भी परिस्थिति में प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं जिससे भाजपा की स्थिति मजबूत हुई है। छूटनी महतो ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के लिए कई योजनाएं चलाई हैं जिनका व्यापक असर देखने को मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी देश में भाजपा की सरकार ही बनेगी।