पाकुड़ को मिला नया एसडीपीओ, कुमार गौरव ने संभाला पदभार
नव पदस्थापित एसडीपीओ ने कहा कि जिले में बढ़ते अपराध, चोरी, अवैध कारोबार एवं असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

पाकुड़। जिले को नया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मिल गया है। कुमार गौरव ने पाकुड़ के 18वें एसडीपीओ के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान एसडीपीओ दयानंद आजाद से कार्यभार संभाला।
पदभार संभालते ही कुमार गौरव ने अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि जिले में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्य किया जाएगा। कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
नव पदस्थापित एसडीपीओ ने कहा कि जिले में बढ़ते अपराध, चोरी, अवैध कारोबार एवं असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा तथा पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगी।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू कराया जाएगा। साथ ही हेलमेट जांच, ओवरलोडिंग पर रोक एवं जागरूकता अभियान को भी तेज किया जाएगा, ताकि लोगों की जान बचाई जा सके।