ताज़ा-ख़बर

पंचायत समिति सदस्य कृष्णा राम ने रक्तदान कर बचाई महिला की जान

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेझारखण्ड

गंभीर बीमारी से जूझ रही महिला के ऑपरेशन में बने मददगार, क्षेत्र में हो रही सराहना

पंचायत समिति सदस्य कृष्णा राम ने रक्तदान कर बचाई महिला की जान

बड़कागांव : चेपाकला पंचायत के पंचायत समिति सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि कृष्णा राम ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए गंभीर बीमारी से पीड़ित एक महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इस सराहनीय कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। जानकारी के अनुसार आराहरा गांव निवासी पूनिया देवी, पति लखन चौधरी, गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और उनका इलाज रांची के एक अस्पताल में चल रहा था। डॉक्टरों ने महिला के ऑपरेशन के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता बताई थी। परिजन रक्त की व्यवस्था को लेकर काफी परेशान थे। इसी बीच महिला के परिजनों ने फोन कर पंचायत समिति सदस्य कृष्णा राम से मदद की अपील की। सूचना मिलते ही कृष्णा राम बिना देर किए रांची स्थित अस्पताल पहुंचे और जरूरत के अनुसार एक यूनिट रक्तदान किया। समय पर रक्त उपलब्ध होने के बाद डॉक्टरों ने महिला का सफल ऑपरेशन किया जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। महिला के परिजनों ने कृष्णा राम के इस मानवीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर रक्त नहीं मिलता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। वहीं कृष्णा राम ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है और जरूरतमंदों की मदद करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि किसी जरूरतमंद के लिए दिया गया रक्त एक नई जिंदगी दे सकता है। कृष्णा राम के इस सेवा भाव और मानवीय पहल की क्षेत्र के लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं।

बड़कागांव से अजय कुमार की रिपोर्ट

इन्हें भी पढ़ें.