दुर्गापूजा को लेकर कपाली में शांति समिति की बैठक, सड़क, सफाई और बिजली व्यवस्था पर हुई चर्चा
चांडिल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह और नगर परिषद अध्यक्ष परवेज आलम ने शांतिपूर्ण पूजा आयोजन पर दिया जोर

कपाली : आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार, 9 अक्टूबर को कपाली सामुदायिक भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में अपराह्न तीन बजे हुई इस बैठक में शांति समिति के सदस्यों, दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सड़क, साफ-सफाई तथा बिजली व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा। पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहेगा। कपाली क्षेत्र की सभी पांच गैर-लाइसेंसी और एक लाइसेंसी पूजा समितियां आपसी समन्वय बनाए रखें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वहीं कपाली नगर परिषद अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ चांद ने बताया कि पूजा के दौरान साफ-सफाई, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। नगर परिषद क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था के लिए संबंधित स्तर पर समन्वय किया जाएगा। बैठक का उद्देश्य सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना रहा।