पेंटागन में मीडिया दफ्तर बंद, नई क्रेडेंशियल नीति से पत्रकारों की पहुंच सीमित
कोर्ट फैसले के बाद विवाद तेज, न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया असंवैधानिक कदम

अमेरिका के रक्षा विभाग मुख्यालय पेंटागन में स्थित मीडिया कार्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला लिया गया है। इस फैसले के साथ ही पत्रकारों के लिए नई क्रेडेंशियल नीति भी लागू की जा रही है जिससे उनकी पहुंच और गतिविधियों पर नियंत्रण बढ़ेगा। रक्षा विभाग के प्रवक्ता के अनुसार कॉरेस्पोंडेंट्स कॉरिडोर के नाम से मशहूर वह क्षेत्र जहां दशकों से पत्रकार सैन्य गतिविधियों की रिपोर्टिंग करते थे अब बंद कर दिया जाएगा। भविष्य में पत्रकारों को पेंटागन के बाहर बनाए जाने वाले एनेक्स भवन से काम करना होगा, हालांकि इसके तैयार होने की समयसीमा स्पष्ट नहीं की गई है। यह निर्णय एक फेडरल कोर्ट द्वारा The New York Times के पक्ष में आए फैसले के बाद लिया गया है जिसमें पत्रकारों की आवाजाही पर लगी पाबंदियों को चुनौती दी गई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अखबार ने इसे असंवैधानिक बताते हुए दोबारा अदालत जाने की बात कही है। नई नीति के तहत पत्रकारों को प्रेस कॉन्फ्रेंस और साक्षात्कार के लिए सीमित अनुमति होगी लेकिन उन्हें सुरक्षा घेरे (एस्कॉर्ट) के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा। मीडिया संगठनों का मानना है कि यह कदम प्रेस की स्वतंत्रता को प्रभावित करेगा खासकर ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवेदनशील मुद्दों पर रिपोर्टिंग की आवश्यकता अधिक है।