ताज़ा-ख़बर

जगन्नाथपुर में जाम नाली और गंदगी से लोग परेशान, शिकायत पर मेयर संजय सरदार ने किया स्थल निरीक्षण

रिपोर्ट: MANISH 6 घंटे पहलेझारखण्ड

जनसमस्याओं का जल्द होगा समाधान, चिलचिलाती धूप में मौके पर पहुंचे मेयर संजय सरदार

जगन्नाथपुर में जाम नाली और गंदगी से लोग परेशान, शिकायत पर मेयर संजय सरदार ने किया स्थल निरीक्षण

गम्हरिया : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक से सटे जगन्नाथपुर पंचायत के ग्रामीण इन दिनों जाम नाली और गंदगी की समस्या से भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। नाली जाम रहने के कारण गंदा पानी सड़कों और आसपास के इलाकों में फैल रहा है जिससे स्थानीय लोगों को दुर्गंध और संक्रमण फैलने की आशंका सताने लगी है। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है लेकिन शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो सका। इस गंभीर समस्या को लेकर जगन्नाथपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अमरेश कुमार ईश्वर ने कई बार आदित्यपुर नगर निगम से शिकायत की थी लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। इसके बाद उन्होंने हाल ही में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मेयर संजय सरदार गुरुवार दोपहर चिलचिलाती धूप में वार्ड संख्या 4 के पार्षद शुभम कुमार पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधियों के साथ जगन्नाथपुर गांव पहुंचे और स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जाम नालियों, गंदगी और जलनिकासी की स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। मेयर संजय सरदार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द सफाई अभियान चलाकर जाम नालियों की सफाई कराने और स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना आवश्यक है ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। पंचायत समिति सदस्य अमरेश कुमार ईश्वर ने मेयर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम जल्द कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाएगा। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद लोगों में समस्या के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है। मौके पर मुख्य रूप से नगर निगम वार्ड संख्या 3 के पार्षद शुभम पांडेय, वार्ड संख्या 5 की पार्षद के पति अमरेंद्र कुमार सिंह उर्फ पिंटू, जगन्नाथपुर पंचायत समिति सदस्य अमरेश कुमार ईश्वर, वार्ड सदस्य कमलदेव राय, भाजपा आदित्यपुर पश्चिम मंडल अध्यक्ष किशन प्रधान, रजनी तिवारी, गणेश सरदार, विशाल सिंह, गौतम गोराई, बिमल मुखी, मनीष मुखी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़ें.