पलामू के प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश ने व्यवहार न्यायालय परिसर से न्याय रथ प्रखंडों के लिए किया रवाना
न्याय रथ के माध्यम से कानून के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक : पीडीजे

मेदिनीनगर (पलामू) : झालसा के दिशा निर्देश पर न्याय रथ पलामू जिले के रिमोट एरिया व प्रखंड मुख्यालय पर जाएगा। न्याय रथ के माध्यम से लोगों को कानून की जानकारी दी जाएगी। उक्त बातें पलामू के प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा ने कही। वे पलामू सिविल कोर्ट परिसर से न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर पलामू जिले के विभिन्न प्रखंडों में रवाना करने के क्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि न्याय रथ के माध्यम से लोगों को सरकार की कई संचालित स्कीम से लाभ उठाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। न्यायाधीश ने बताया कि यह पूरे एक महीने तक पलामू जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाएगी। न्याय रथ में एलएडीसी व पीएलभी मौजूद रहेंगे। ये सभी लोगों की समस्या सुनेंगे व संबंधित व्यक्ति को निशुल्क न्याय पाने का सही रास्ता बताने का काम करेंगे। जो बड़ी समस्या न्याय रथ के माध्यम से उन तक आएगी उसका समाधान किया जाएगा। मौके पर पलामू डालसा के सचिव राकेश रंजन ने कहा कि कानूनी जानकारियों व विधिक सेवाओं के व्यापक प्रचार व प्रसार के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मार्गदर्शन में एक अगस्त से पूरे 31 अगस्त तक जिला के विभिन्न प्रखंडों में न्याय रथ के माध्यम से लोगों को नालसा, झालसा व केंद्र व राज्य सरकार के संचालित कार्यक्रम व योजनाओं को लेकर जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव -गांव में जाकर विधि स्वयं सेवक, पैनल अधिवक्ता व लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता के माध्यम से जन जन को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूक किया जाएगा। इससे कोई भी व्यक्ति जानकारी के आभाव में न्याय पाने से वंचित न रह जाए। मौके पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजीव कुमार दास, जिला व अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अखिलेश कुमार, राज कुमार मिश्रा, स्वेता ढींगरा, सीजेएम मनोरंजन कुमार, सुशीला सोरेंग, सौरभ कुमार गौतम, सोनम विश्नोई, गौरव खुराना, रविशंकर पाण्डेय, निर्भय प्रकाश, शंभू महतो, रोजलीना बारा, कमल प्रकाश, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ अमिताभ चन्द्र सिंह, डिप्टी चीफ संतोष कुमार पांडेय, वीर विक्रम बक्स राय, पुष्कर राज, उत्तम कुमार, डीएलएसए के कार्यालय प्रभारी संजीव कुमार सिंह, असिस्टेंट अमित कुमार विश्वकर्मा, मयंक कुमार, के अलावा पीएलभी शैलेन्द्र तिवारी सहित अन्य पीएलभी उपस्थित थे।