पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े दाम से आम जनता परेशान
पश्चिम एशिया संकट का असर, देशभर में ईंधन कीमतों में 90 पैसे तक की बढ़ोतरी

एजेंसी : पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब देश के आम लोगों पर भी दिखने लगा है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार पेट्रोल और डीजल के दाम में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है। यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में वृद्धि की गई है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं जिससे आम उपभोक्ताओं, वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। इंडियन ऑयल द्वारा जारी नई दरों के अनुसार राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है जबकि डीजल 91 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे बढ़कर 107.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94 पैसे महंगा होकर 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में सबसे अधिक 96 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके बाद यहां पेट्रोल 109.70 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। चेन्नई में भी पेट्रोल 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 86 पैसे महंगा होकर 96.11 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भी सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग तीन रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों से आम जनता, परिवहन व्यवसाय और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।