सवेरा संस्थान में फिजियोथेरेपी सेवा को मिला नया संबल, रोटरी क्लब ने बढ़ाया सहयोग
रोटरी क्लब अध्यक्ष पवन गर्ग ने दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की।

बालोतरा। सेवा और समर्पण की भावना के साथ सवेरा संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में रोटरी क्लब बालोतरा के सदस्यों ने भाग लेकर दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास हेतु महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सवेरा संस्थान के संयोजक सत्यनारायण जी द्वारा संस्था की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए हुई। इस दौरान संस्थान के नेत्रहीन छात्रों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर रोटरी सदस्यों एवं उपस्थित परिजनों का भावपूर्ण स्वागत किया, जिससे वातावरण भावुक और प्रेरणादायक बन गया।
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. पूजा अग्रवाल ने संस्थान में अपंग बच्चों के शारीरिक विकास एवं सुधार की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए नियमित फिजियोथेरेपी के महत्व को विस्तार से समझाया।
रोटरी क्लब अध्यक्ष पवन गर्ग ने सवेरा संस्थान के संयोजक एवं फिजियोथेरेपिस्ट का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की। एक बच्चे को वॉकर, सभी बच्चों को एक स्कूल कैरी बैग प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष शांतिलाल हुंडिया एवं अभिषेक गुप्ता ने दानदाता राहुल अग्रवाल का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। अपने संबोधन में राहुल अग्रवाल ने बताया कि उनके परिवार द्वारा स्वर्गीय मफतलाल अग्रवाल की स्मृति में सवेरा संस्थान की आवश्यकता अनुसार 12 माह तक फिजियोथेरेपिस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
सूचना अधिकारी ओम बांठिया ने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि क्लब भविष्य में भी “Service Above Self” की भावना को चरितार्थ करते हुए समाज सेवा के कार्य निरंतर जारी रखेगा।
रोटरी सचिव हितेंद्र छाजेड़ ने जानकारी दी कि इस सेवा कार्य में क्लब के सुरेश सिंघल, सतीश आजाद, अरुण गुप्ता, विमल मालवीय, अभिषेक गुप्ता, विनोद अग्रवाल सहित उनके परिवारजन उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने संस्थान को स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब द्वारा सभी छात्रों एवं सहयोगियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
यह आयोजन रोटरी क्लब की थीम “Unite for Good” को साकार करते हुए समाज के प्रति सेवा, सहयोग और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बना।