झारखंड राज्य गतका चैंपियनशिप में पलामू का शानदार प्रदर्शन, 40 खिलाड़ियों ने जीते पदक
पलामू के खिलाड़ियों ने 17 स्वर्ण, 10 रजत व 13 कांस्य पदक किए अपने नाम

मेदिनीनगर (पलामू) : धनबाद के सेंट जेवियर स्कूल में 22 से 23 अगस्त तक आयोजित झारखंड राज्य गतका चैंपियनशिप-2026 में पलामू के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में पलामू से कूल 50 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें 40 खिलाड़ियों ने पदक जीतने में सफलता हासिल की। पलामू के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 17 स्वर्ण, 10 रजत व 13 कांस्य पदक अपने नाम किए।
अंडर-11 वर्ग में टीम सिंगल सोटी में आर्यन कुमार, राजवीर कुमार पासवान, रोहित कुमार पासवान व कुशाग्र कुमार शुक्ला ने स्वर्ण पदक जीता। व्यक्तिगत सिंगल सोटी में रणवीर कुमार तथा व्यक्तिगत फारी सोटी में सूरज कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी वर्ग में व्यक्तिगत फारी सोटी में तमन्ना शर्मा और व्यक्तिगत सिंगल सोटी में अभिनव सिंह ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-14 वर्ग में टीम फारी सोटी में वेद प्रकाश, आदित्य पाठक, आयुष कुमार और पुनीत कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। रजत पदक जीतने वालों में टीम फारी सोटी के पिहू, अदिति कुमारी, अनामिका कुमारी और नैन्सी, टीम सिंगल सोटी के प्रियांशु कुमार, अर्पित राज, आर्यन कुमार और अनिश कुमार तथा व्यक्तिगत सिंगल सोटी में अरन्याक सिंह शामिल हैं। व्यक्तिगत सिंगल सोटी में वर्षा चौबे और रिया कुमारी तथा व्यक्तिगत फारी सोटी में अंशिका शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-17 वर्ग में व्यक्तिगत फारी सोटी में काजल कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि सुमन कुमारी ने रजत पदक हासिल किया। टीम सिंगल सोटी में अंश कश्यप, सत्यम सिंह, गौतम कुमार और जीत तिवारी, व्यक्तिगत सिंगल सोटी में खुशबू कुमारी तथा व्यक्तिगत फारी सोटी में अनिकेत राज और साक्षी कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-19 वर्ग में टीम फारी सोटी में सौरभ कुमार, सौभाग्य सिद्धार्थ, समीर कुमार और अनुभव कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। व्यक्तिगत फारी सोटी में सत्यम कुमार ने भी स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ग में रोनक कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया। अंडर-25 वर्ग में व्यक्तिगत फारी सोटी में आकर्ष प्रताप ने स्वर्ण पदक जीतकर पलामू का गौरव बढ़ाया।
पलामू टीम के साथ प्रतियोगिता में कोच के रूप में दीपेंद्र सिंह, दीपक तिवारी और मृत्युंजय कुमार मौजूद रहे तथा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
पलामू जिला गतका संघ के अध्यक्ष सोनू सिंह नामधारी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राज्य स्तर पर पलामू का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने खिलाड़ियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले समय में पलामू के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
संघ के सचिव सुमित बर्मन ने कहा कि 50 खिलाड़ियों में से 40 खिलाड़ियों का पदक जीतना पलामू गतका के लिए बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि पलामू के खिलाड़ियों को लगातार बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को धनबाद के पूर्व डीएसपी अमरेंद्र नारायण, झारखंड गतका एसोसिएशन के अध्यक्ष केशव हरदोरिया, सचिव श्रीमती विद्या तथा झारखंड कोऑर्डिनेटर पप्पू सिंह ने सम्मानित किया।
पलामू के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों और जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। पदक विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, अभिभावकों और लगातार किए गए अभ्यास को दिया।