गम्हरिया दुष्कर्म कांड के बाद पुलिस की सक्रियता तेज, एसपी मनोज स्वर्गियारी ने देर रात तीन थानों का किया औचक निरीक्षण
महिला सुरक्षा और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर, एसपी व एसडीपीओ ने दिए सख्त निर्देश

आदित्यपुर : गम्हरिया थाना दुष्कर्म कांड के बाद जिले में पुलिस व्यवस्था की समीक्षा और महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में बुधवार देर रात पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज की उपस्थिति में आदित्यपुर, आरआईटी और गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों के अभिलेखों, परिसर की स्थिति तथा पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यप्रणाली में तत्परता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया। एसपी ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा, महिलाओं के अधिकारों तथा उनसे संबंधित मामलों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने ओडी पदाधिकारी को महिला संबंधी शिकायतों और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पीड़ितों को समय पर सहायता मिल सके। इस दौरान थाना क्षेत्रों में संचालित गश्ती व्यवस्था की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्ती, सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए गए। गम्हरिया कांड के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी और एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज द्वारा थाना स्तर पर निरीक्षण तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों को पुलिस व्यवस्था की जवाबदेही और महिला सुरक्षा को मजबूत करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।