शादी में पिस्टल लहराने पर सख्त हुई पुलिस, ठेकेदार पर कार्रवाई की तैयारी
दुल्हन के हाथ में पिस्टल का वीडियो वायरल, एसडीपीओ ने दिए जांच के आदेश

आदित्यपुर : शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग और लाइसेंसी हथियार के प्रदर्शन का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक ठेकेदार कृष्ण गोपाल पिंटू द्वारा विवाह समारोह में पिस्टल से फायरिंग करने और दुल्हन के हाथों में हथियार थमाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला तूल पकड़ चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला के एसडीपीओ समीर सवैया ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्म्स लाइसेंस आत्मरक्षा के लिए दिया जाता है न कि प्रदर्शन या हर्ष फायरिंग के लिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आर्म्स एक्ट के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा भी की जाएगी। वायरल तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि समारोह के दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए न केवल हर्ष फायरिंग की गई बल्कि दुल्हन के हाथ में भी हथियार थमाया गया, जो कानून का खुला उल्लंघन है। इस घटना ने प्रशासनिक सतर्कता और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी इस मामले पर उपायुक्त ने संज्ञान लिया था लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी। अब एसडीपीओ के सख्त रुख के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दोषियों पर जल्द ही कार्रवाई होगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगेगी।