तिरुलडीह में अवैध बालू कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 ट्रैक्टर जब्त
200 CFT अवैध बालू के साथ वाहन पकड़े गए, थाना प्रभारी बोले: कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी

तिरुलडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया। शुक्रवार को थाना प्रभारी कौशल कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान ग्राम कारकीडीह से दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों ट्रैक्टरों में करीब 200 सीएफटी अवैध बालू लदा हुआ पाया गया जिसे तत्काल जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। इस संबंध में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है और संबंधित वाहन मालिकों व संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर इस तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी ताकि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि इस तरह के मामलों में सख्ती और बढ़ाई जाएगी।