ताज़ा-ख़बर

संजय इलेक्ट्रॉनिक्स फायरिंग केस में पुलिस खाली हाथ, तीन नामजद आरोपी अब भी फरार

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

पीड़ित ने लगाया राजनीतिक दबाव का आरोप, एसपी बोले: कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा

संजय इलेक्ट्रॉनिक्स फायरिंग केस में पुलिस खाली हाथ, तीन नामजद आरोपी अब भी फरार

सरायकेला : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के संजय इलेक्ट्रॉनिक्स में 14 मार्च को हुई फायरिंग की घटना के करीब एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले में अब तक केवल एक नामजद आरोपी ऋषि मिश्रा की गिरफ्तारी हुई है जबकि तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। फरार आरोपियों में बजरंग दल से जुड़े नेता और आदित्यपुर नगर निगम वार्ड-17 के पूर्व प्रत्याशी अमित रंजन उर्फ सानू सिंह, उनके भाई अमन सिंह और शाहिल सोनकर शामिल हैं। घटना के बाद से ही इनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाने से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। पीड़ित संजय यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक दबाव के कारण आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम और हमारा परिवार लगातार डर के साए में जी रहे हैं लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है और एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाकी सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। बताया जा रहा है कि फरार आरोपी अमित और अमन सिंह, कांग्रेस नेता राणा सिंह और निरु सिंह के भांजे हैं वहीं अमित सिंह का संबंध विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. जे एन दास से भी बताया जा रहा है। ऐसे में मामले में राजनीतिक संरक्षण की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और जल्द खुलासे पर टिकी हुई हैं।

इन्हें भी पढ़ें.