गम्हरिया में दिनदहाड़े जगरनाथ गोप हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के रॉड बरामद
एसपी मनोज स्वर्गियारी की सख्ती रंग लाई, विशेष टीम ने 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को दबोचा

सरायकेला : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह में जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के रॉड भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि 18 जुलाई को सोनू गोप की शिकायत पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 196/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवम प्रमाणिक, संजय नायक, प्रेम नायक और गणेश नायक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो लोहे के रॉड बरामद कर विधिवत जब्त किए गए। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि गंभीर अपराधों के प्रति जिला पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। वैज्ञानिक अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के कारण पुलिस को कम समय में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। इस कार्रवाई में एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है तथा अनुसंधान के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।