तेजस्वी यादव के रांची आगमन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, कोल्हान से जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता
राजद की रणनीति बैठक में बड़ा निर्णय, जिला स्तर पर जिम्मेदारियां तय

आदित्यपुर : राष्ट्रीय जनता दल के कोल्हान प्रमंडल कार्यालय में 18 मार्च 2026 को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में आगामी 5 अप्रैल को रांची के कार्निवाल हॉल में होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में तेजस्वी यादव के आगमन को लेकर व्यापक तैयारी पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ई. जनार्दन कुमार ने की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत करेगा और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरेगा। राजद झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह शिक्षाविद श्रीराम यादव ने कहा कि कोल्हान से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष शम्भू चौधरी ने 30 गाड़ियों की व्यवस्था करने की घोषणा करते हुए कहा कि आम बागान मैदान से कार्यकर्ता रांची के लिए रवाना होंगे। वहीं सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष बैजू कुमार ने 15 गाड़ियां और 3 बसों की व्यवस्था की जानकारी दी। बैठक में तय किया गया कि कोल्हान से करीब 1000 कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे। नेताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि यह आयोजन भव्य और ऐतिहासिक होगा जिससे प्रदेश में राजद की ताकत का प्रदर्शन होगा और सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूती मिलेगी।