कान्हाचट्टी में हिरण की दर्दनाक मौत: ग्रामीणों में आक्रोश
गांव में भटकते जंगली जानवरों के लिए सुरक्षा इंतजाम और जलस्रोत बनाने की ग्रामीणों ने उठाई मांग

दीपक सिंह सिमराडीह (कान्हाचट्टी प्रखंड) – कान्हाचट्टी प्रखंड के सिमराडीह गांव में एक हिरण की दर्दनाक मौत ने गांव में शोक और चिंता दोनों फैला दी है। जंगल से भटककर पानी की तलाश में आया यह हिरण खेतों में घुस गया और कांटेदार तारों में फंस कर तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि तेज गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों की ओर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि वन विभाग जंगलों में पानी की सही व्यवस्था करता, तो यह घटना नहीं होती।
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगलों में जलस्रोत बनाए जाएं और गांवों के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी से बचा जा सके।
वन विभाग का कहना है कि वे इस मामले की जांच कर रहे हैं और जलस्रोत तथा सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं बना रहे हैं।