आदित्यपुर के एमपी नगीना में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का उद्घाटन, जेनेरिक दवाओं को बढ़ावा देने पर जोर
सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयों से गरीबों को मिलेगी राहत : अर्जुन मुंडा

आदित्यपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि देश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों तक सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां पहुंचाना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना प्रधानमंत्री का एक महत्वपूर्ण ड्रीम प्रोजेक्ट है जिसके माध्यम से पूरे देश में आम लोगों को कम कीमत पर बेहतर दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। गुरुवार शाम आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित एमपी नगीना में नवनिर्मित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भव्य उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा एवं डॉ. मीरा मुंडा द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि देशभर में जन औषधि केंद्रों का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है जिससे गरीब परिवारों को महंगी दवाइयों के बोझ से राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां हर जरूरतमंद तक पहुंचे। मीडिया से बातचीत के दौरान अर्जुन मुंडा ने डॉक्टरों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों से अपील करते हुए कहा कि मरीजों को अधिक से अधिक जेनेरिक दवाइयों का विकल्प दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्रों में मिलने वाली दवाइयां पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी हैं तथा उनकी गुणवत्ता की निगरानी भारत सरकार द्वारा की जाती है। उन्होंने कहा कि ब्रांडेड दवाओं की तुलना में इनकी कीमत काफी कम होती है जिससे आम लोगों का मेडिकल खर्च काफी घटता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आदित्यपुर में शुरू हुआ यह नया जन औषधि केंद्र स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और जरूरतमंद मरीजों को सस्ती दवाइयां आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, वार्ड पार्षद नीतू शर्मा, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी, भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान, वरिष्ठ पत्रकार ब्रजकिशोर सिंह, अधिवक्ता ओमप्रकाश, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, सरयू पासवान, डॉ. मृत्युंजय सिंह, डॉ. हिमांशु शेखर भारती, भाजपा नेत्री रितिका मुखी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने केंद्र की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए इसे जनहित की महत्वपूर्ण पहल बताया।