प्रोजेक्ट डिवाइस अभियान को बड़ी सफलता, मई माह में 133 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे गए
सीईआईआर पोर्टल के जरिए सरायकेला-खरसावां पुलिस की कार्रवाई, खोए मोबाइल लौटने से लोगों के चेहरे खिले

सरायकेला-खरसावां : जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान प्रोजेक्ट डिवाइस के तहत सरायकेला-खरसावां पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से चलाए गए अभियान के तहत मई 2026 माह में कुल 133 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए और उन्हें उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिलेभर में गुम मोबाइल की खोज एवं बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। तकनीकी संसाधनों और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से पुलिस ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोनों को ट्रेस कर बरामद किया। इसके बाद आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल धारकों को उनके उपकरण वापस सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लाभुकों ने सरायकेला-खरसावां पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि मोबाइल फोन में महत्वपूर्ण दस्तावेज, संपर्क सूत्र और निजी जानकारियां होने के कारण उनके खो जाने से काफी परेशानी हो रही थी लेकिन पुलिस की तत्परता से उन्हें राहत मिली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि प्रोजेक्ट डिवाइस के तहत गुम मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। आम लोगों से भी अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना अथवा सीईआईआर पोर्टल पर इसकी सूचना दर्ज कराएं ताकि शीघ्र कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके। जिला पुलिस की यह पहल तकनीक आधारित पुलिसिंग का एक प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आई है जिससे आम नागरिकों का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।