प्रोजेक्ट मिलाप से मिली बड़ी सफलता, डेढ़ माह में 55 लापता लोगों को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
सरायकेला-खरसावां पुलिस का मानवीय अभियान रंग लाया, लापता महिला, पुरुष और बच्चों की हुई बरामदगी

सरायकेला-खरसावां : जिले में लापता व्यक्तियों की तलाश और उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए गए पुलिस के विशेष अभियान प्रोजेक्ट मिलाप के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान 18 अप्रैल 2026 से 31 मई 2026 तक कुल 55 लापता महिला, पुरुष, बालक एवं बालिकाओं को बरामद कर उनके परिजनों को विधिवत सुपुर्द किया गया। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा प्रोजेक्ट मिलाप के तहत सभी थाना प्रभारियों को लापता व्यक्तियों की खोज एवं बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न स्थानों से लापता लोगों को खोज निकाला और सुरक्षित रूप से उनके परिवारों से मिलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट मिलाप का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा व्यक्तियों को शीघ्र खोजकर उनके परिवारों की चिंता और परेशानी को दूर करना है। इस अभियान से कई परिवारों को अपने बिछड़े हुए परिजनों से मिलने का अवसर मिला जिससे उनके चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस लगातार ऐसे मामलों की निगरानी कर रही है और लापता लोगों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जिला पुलिस की इस मानवीय पहल को समाज के विभिन्न वर्गों ने सराहा है। प्रोजेक्ट मिलाप न केवल कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता को दर्शाता है बल्कि जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हो रहा है।