नीट पेपर लीक के विरोध में रायपुर में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
सोनम वांगचुक के समर्थन में युवाओं ने अंबेडकर चौक पर किया प्रदर्शन, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की उठाई मांग

रायपुर: दिल्ली के जंतर-मंतर से सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को हटाए जाने के विरोध और नीट पेपर लीक मामले को लेकर रविवार को रायपुर में युवाओं ने प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने बारिश के बीच तख्तियां और पोस्टर लेकर नारेबाजी की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, नीट पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि पेपर लीक के मामलों में अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी एवं स्थायी कदम उठाने की भी मांग की।
प्रदर्शन स्थल पर एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।