झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 के फुटबॉल प्रतियोगिता में दिखा दमखम, अंडर-17 में स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर तो सीनियर में गिरिडीह कॉलेज चैंपियन
2-0 से जीता स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर, गिरिडीह कॉलेज ने 1-0 से दर्ज की जीत, मो. हित हेम्ब्रम और अजेंद्र मुर्मू बने बेस्ट प्लेयर

गिरिडीह : झारखंड आदिवासी महोत्सव - 2026 के अवसर पर युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने तथा आदिवासी समाज की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गिरिडीह स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के अंडर-17 और सीनियर वर्ग में विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों एवं खेल टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। अंडर-17 वर्ग में स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर, एचई हाई स्कूल, बेंगाबाद एफसी, ईएमआरएस प्लांज, कार्मेल हिंदी स्कूल, होली क्रॉस स्कूल एवं डीएमएस डोमासांगी की टीमों ने भाग लिया। वहीं सीनियर वर्ग में ईएमआरएस प्लांज, एचई हाई स्कूल, एडब्ल्यूएस बरगंडा और गिरिडीह कॉलेज की टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपायुक्त गिरिडीह रामनिवास यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, नगर आयुक्त, सहायक समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव महत्वपूर्ण पहल है। प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाए। इसके बाद उपायुक्त ने मैदान में पहुंचकर प्रथम मैच में शामिल खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। अंडर-17 वर्ग में स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर, गिरिडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मो. हित हेम्ब्रम को बेस्ट प्लेयर चुना गया। वहीं सीनियर वर्ग के मुकाबले में गिरिडीह कॉलेज ने 1-0 से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शानदार प्रदर्शन करने वाले अजेंद्र मुर्मू को बेस्ट प्लेयर चुना गया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं सम्मान प्रदान किया गया। ट्रॉफी वितरण समारोह में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।