ताज़ा-ख़बर

नौकरी ठगी सिंडिकेट पर पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, शिकायतकर्ता बोले - सिर्फ प्रेस विज्ञप्ति से नहीं खुलेगा पूरा राज

रिपोर्ट: MANISH 23 घंटे पहलेझारखण्ड

गरीब अभ्यर्थियों का हक छीनने वालों के नाम हों सार्वजनिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं होने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

नौकरी ठगी सिंडिकेट पर पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, शिकायतकर्ता बोले - सिर्फ प्रेस विज्ञप्ति से नहीं खुलेगा पूरा राज

सरायकेला-खरसावां : चौका थाना क्षेत्र में जेएसएससी पीजीटी सहायक आचार्य की नियुक्ति दिलाने के नाम पर कथित ठगी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर ही सवाल उठने लगे हैं। शिकायतकर्ता एवं अभ्यर्थी के मामा गुरुचरण साव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता के अनुरूप पारदर्शिता नहीं दिखाई और प्रेस कॉन्फ्रेंस कराने के बजाय केवल प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले को सीमित कर दिया। गुरुचरण साव ने बताया कि थाना प्रभारी ने पहले उन्हें भरोसा दिलाया था कि पूरे मामले का खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया जाएगा, ताकि नौकरी दिलाने के नाम पर चल रहे कथित सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सके। लेकिन बाद में केवल प्रेस रिलीज जारी कर दी गई जिससे कई महत्वपूर्ण तथ्य सार्वजनिक नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि यदि नौकरी बेचना अपराध है तो नौकरी खरीदने का प्रयास करना भी कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे में जिन लोगों ने कथित रूप से हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, मूल प्रमाण-पत्र और लाखों रुपये देकर नियुक्ति पाने का प्रयास किया उनके नाम भी सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उनका आरोप है कि ऐसा नहीं होने से पूरे नेटवर्क का खुलासा अधूरा रह गया। शिकायतकर्ता ने यह भी सवाल उठाया कि आरोपी के पास विभिन्न अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और जेएसएससी भर्ती से संबंधित दस्तावेज कैसे पहुंचे। उन्होंने मांग की कि जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज बरामद हुए उनके नाम तथा आरोपी द्वारा पूछताछ में जिन लोगों की संलिप्तता बताई गई है उन्हें भी जांच के दायरे में लाकर सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं पुलिस की निष्पक्ष जांच के सिद्धांतों के अनुसार ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच और तथ्यों का समुचित खुलासा आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगी न कर सके। गुरुचरण साव ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच कर गिरोह के सभी सदस्यों को बेनकाब करने की मांग की है।

इन्हें भी पढ़ें.