नाबालिग से दुष्कर्म मामले में त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
गर्भवती बच्ची और नवजात का अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस ने सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

गिरिडीह : जिले में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को गर्भवती करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र निवासी संतोष राम के रूप में हुई है। घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार नाबालिग बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे तत्काल चिकित्सकीय निगरानी में लिया गया। डॉ. प्रदीप बैठा के निर्देश पर जच्चा एवं बच्चा को मातृत्व एवं शिशु इकाई, चैताडीह में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम लगातार मां और नवजात की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया और सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव को कार्रवाई का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार एवं पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर संतोष राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग उठ रही है।