ताज़ा-ख़बर

2029 में राहुल गांधी बनेंगे प्रधानमंत्री, नहीं तो छोड़ दूंगा राजनीति : रामसेवक सोनी का बड़ा दावा

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेराजनीति

46 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े रामसेवक सोनी ने 2029 के चुनाव को लेकर जताया भरोसा

2029 में राहुल गांधी बनेंगे प्रधानमंत्री, नहीं तो छोड़ दूंगा राजनीति : रामसेवक सोनी का बड़ा दावा

रिपोर्ट : अजय कुमार

बड़कागांव : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मांडू विधानसभा प्रभारी रामसेवक सोनी ने वर्ष 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में सरकार बनाएगा और राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि यदि 2029 में राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बनते हैं तो वे सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेंगे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान रामसेवक सोनी ने अपने इस बयान पर दृढ़ता जताते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक बयान नहीं बल्कि उनका संकल्प है। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वे वास्तव में राजनीति छोड़ देंगे, तो उन्होंने कहा कि मैं बड़कागांव का बेटा हूं। रामसेवक सोनी जो बोलता है वही करता है। मैं उन नेताओं में से नहीं हूं जो वादा करके मुकर जाते हैं। उन्होंने अपने 46 वर्षों के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वे लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और हमेशा जनता की सेवा को राजनीति का मुख्य उद्देश्य मानते रहे हैं। उनके अनुसार, राजनीतिक जीवन में उन्होंने निजी स्वार्थ को प्राथमिकता नहीं दी और जरूरतमंद लोगों की निस्वार्थ भाव से मदद करने का प्रयास किया है। सोनी ने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और राजनीतिक जीवन के अनुभव के आधार पर उन्हें विश्वास है कि वर्ष 2029 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा। उन्होंने अपने बयान के माध्यम से राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने की उम्मीद जताई। उनके इस बयान को लेकर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है।

इन्हें भी पढ़ें.