द्वारी गांव तक पहुंची रेल: आज़ादी के बाद पहली बार ट्रेन ट्रायल, ग्रामीणों में खुशी की लहर
इरकॉन के ज्वाइंट जनरल मैनेजर रजनीकांत वर्णवाल ने बताया कि शिवपुर–कठौतिया तक रेलवे निर्माण कार्य किया जाना है।

आमीर सुहैल
गिद्धौर (चतरा) प्रखंड में आज़ादी के बाद पहली बार द्वारी गांव तक रेलवे लाइन पर ट्रेन का ट्रायल बुधवार को सफलतापूर्वक किया गया। ट्रेन देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। कठौतिया से द्वारी तक लगभग 13.50 किलोमीटर दूरी पर डीजल इंजन से ट्रायल रन किया गया।
यह ट्रायल रेलवे विभाग हाजीपुर के प्रिंसिपल चीफ सेक्रेटरी दीपक झा एवं सीए आर.एन. झा, धनबाद के एडीआरएम अमित कुमार, कोडरमा ट्रॉलीमैन तथा इरकॉन के ज्वाइंट जनरल मैनेजर रजनीकांत वर्णवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान मोहन सिंह और मो. शाहबाज भी मौजूद रहे। निर्मित रेल लाइन में कठौतिया, शाहपुर स्टेशन, हेसाकुदर, झरना, इंद्रा, तिलैया और द्वारी गांव शामिल हैं। इरकॉन के ज्वाइंट जनरल मैनेजर रजनीकांत वर्णवाल ने बताया कि शिवपुर–कठौतिया तक रेलवे निर्माण कार्य किया जाना है। 18 फरवरी 2022 से शुरू हुआ निर्माण कार्य 13.50 किलोमीटर तक 18 फरवरी 2026 को पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पत्थलगड़ा तक निर्माण कार्य जून 2026 तक समाप्त करने का लक्ष्य है, जबकि सिमरिया से शिवपुर तक मार्च 2027 तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। पत्थलगड़ा से सिमरिया के बीच इचाक खुर्द में जमीन विवाद के कारण निर्माण कार्य फिलहाल बाधित है। ट्रायल के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद से क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।