17सी रेलवे अंडरपास बना जलभराव का अड्डा, गार्डवाल निर्माण और लापरवाही से ग्रामीण परेशान
संवेदक पर उठे सवाल, जल निकासी के अभाव में सड़क पर भर रहा पानी, दर्जनों गांवों की आवाजाही प्रभावित

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह रेलवे के 17सी अंडरपास के समीप जलजमाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हाल ही में बनाए गए गार्डवाल निर्माण के बाद बारिश का पानी सड़क पर जमा होने लगा है जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने पर संवेदक की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार अंडरपास के आसपास थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है। इससे चमरडीहा, खुरा, बभनडीह, बांसडीह, हुटार, मंडल, मोरवाल कलां, बढ़निया सहित दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों, बाइक सवारों, साइकिल चालकों और छोटे-बड़े वाहनों को जलजमाव के बीच होकर गुजरना पड़ता है जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था नहीं की गई। यदि पहले से ड्रेनेज की समुचित योजना बनाई जाती तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लगातार पानी जमा रहने से सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है जिससे भविष्य में समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले का शीघ्र संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों ने अंडरपास क्षेत्र में स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है। उन्होंने जनहित को देखते हुए जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।