राहुल दुबे गिरोह पर रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में सक्रिय सदस्य सनी सिंह गिरफ्तार
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, दो देसी पिस्तौल सहित आरोपी दबोचा

रामगढ़ : राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए रामगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए गठित एसआईटी टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह भुरकुंडा क्षेत्र में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भुरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में सघन छापेमारी शुरू की। इसी दौरान दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के होने की जानकारी मिली। पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची आरोपी ने पुलिस वाहन को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली थाना प्रभारी पतरातू की गाड़ी के शीशे और बंपर में लगी हालांकि वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम सनी सिंह, ग्राम रैलीगढ़ा बताया। घायल आरोपी को मौके पर प्राथमिक उपचार के बाद सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा भेजा गया। घटनास्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल और एक लेदर बैग बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहा था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।