ताज़ा-ख़बर

रामगढ़ में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से तबाही, दो भैंसों की मौत

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

बिजली गिरने और पेड़ गिरने से घर व कृषि सामग्री को भारी नुकसान, प्रशासन से राहत की मांग

रामगढ़ में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से तबाही, दो भैंसों की मौत

रामगढ़ (दुमका): रामगढ़ प्रखंड क्षेत्र में रविवार देर रात आई तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से कई गांवों में भारी नुकसान हुआ। प्राकृतिक आपदा के कारण लोगों के घर, मवेशी और बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरमसिया पंचायत के घाटी गांव निवासी कर्मा सोरेन (पिता ढीबा सोरेन) के घर के सामने करीब 10 मीटर दूरी पर इमली के पेड़ से दो भैंसे बंधे हुए थे। इसी दौरान आंधी-तूफान और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दोनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

वहीं प्रखंड क्षेत्र के महुबना पंचायत के जवारी गांव निवासी राजेंद्र टुडू (पिता मौसो टुडू) के घर पर भी आंधी-तूफान का कहर देखने को मिला। तेज हवा के कारण घर के पास लगा एक बड़ा कटहल का पेड़ उनके मकान पर गिर पड़ा, जिससे घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर में रखे धान, आलू और अन्य घरेलू सामान भी नष्ट हो गए, जिससे हजारों रुपये का नुकसान होने की बात बताई जा रही है।

पीड़ित राजेंद्र टुडू ने बताया कि उनके परिवार में कुल 14 सदस्य रहते हैं और घर क्षतिग्रस्त होने के कारण पूरा परिवार बेघर हो गया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मुआवजा एवं सहायता देने की मांग की है, ताकि हुए नुकसान से कुछ राहत मिल सके।

इधर ग्राम जियापानी में भी आंधी-तूफान के कारण जर्मन देहरी के घर के सामने एक आम का पेड़ गिर गया, जिससे बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों का सर्वे कर जल्द से जल्द आपदा राहत के तहत सहायता प्रदान की जाए।

इन्हें भी पढ़ें.