पलामू में हुए रांची के शराब तस्कर हुए गिरफ्तार, पुलिस ने 2 लाख की जब्त की शराब
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बुधवार को इस घटना की पुष्टि की।

मेदिनीनगर : पलामू पुलिस ने रांची से बिहार के मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही 2 लाख रुपए मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के पास की गई। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के एक चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद की। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान रांची के मांडर थाना क्षेत्र के करगे बहेरा टोली निवासी अरसद अंसारी (24) और अनिल कुमार साहू (30 ) के रूप में हुई है।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बुधवार को इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस को रांची से मुजफ्फरपुर शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसी क्रम में मंगलवार शाम जानकारी मिली कि बसौरा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक बिना नंबर प्लेट की वैगनआर गाड़ी खड़ी है और दो व्यक्ति उसे चालू करने का प्रयास कर रहे हैं। गाड़ी में शराब भरी होने का संदेह था। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक विक्रम शील और जवान जयप्रकाश सिंह व सोमाय बोदरा को मौके पर भेजा गया।
पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन जवानों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों से गाड़ी में मिली शराब के कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद गाड़ी सहित शराब जब्त कर दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद की गई शराब में विदेशी कंपनी की 750 एमएल की 218 बोतलें और 375 एमएल की 48 बोतलें शामिल हैं।