ताज़ा-ख़बर

अंधविश्वास में रिश्ते का कत्ल, चाचा ने 13 वर्षीय भतीजे की चाकू मारकर हत्या, जंगल से गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk16 घंटे पहलेअपराध

पलामू में दिल दहला देने वाली वारदात, बेटे की मौत का शक भतीजे पर उतारा, एकलौते पुत्र की निर्मम हत्या

अंधविश्वास में रिश्ते का कत्ल, चाचा ने 13 वर्षीय भतीजे की चाकू मारकर हत्या, जंगल से गिरफ्तार

चैनपुर : पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रबदा गांव में सोमवार सुबह अंधविश्वास और पारिवारिक संदेह ने एक मासूम की जान ले ली। 13 वर्षीय रोशन बैठा की उसके ही सगे चाचा अनिल बैठा ने चाकू मारकर और गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोशन अपने माता-पिता साधु बैठा का इकलौता पुत्र था। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे रोशन घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसका चाचा अनिल बैठा चेहरे पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत की ओर ले गया। वहां उसने रोशन के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना को कुछ ग्रामीणों ने देखा और तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले अनिल बैठा के बेटे की मौत हो गई थी। उसे संदेह था कि रोशन की दादी समुद्री देवी ने कथित रूप से भूत-प्रेत के जरिए उसके बेटे की जान ली थी। इसी अंधविश्वास और शक के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डीएसपी राजेश यादव, अवर निरीक्षक बाबूलाल दुबे और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू की। चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान घटना के कुछ घंटे बाद आरोपी अनिल बैठा को घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर कुमनी जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास के दुष्परिणामों को उजागर करती है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.