आरआईटी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाइन टोला से अवैध देशी कट्टा के साथ कुख्यात आरोपी गिरफ्तार
अनिल सरदार उर्फ गोरे के खिलाफ आर्म्स एक्ट व रेलवे संपत्ति अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लाइन टोला, इच्छापुर से एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 29 जनवरी 2026 को की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनिल सरदार उर्फ गोरे, निवासी लाइन टोला, इच्छापुर के रूप में हुई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावैया ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया जिसे विधिवत जब्त किया गया। इसके बाद अभियुक्त के विरुद्ध आरआईटी थाना कांड संख्या 05/26, दिनांक 29.01.2026 के तहत आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 25(1-बी)(ए) एवं रेलवे संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम 2012 की धारा 03 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। यह छापेमारी वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक विमलेश कुमार महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध आरआईटी थाना में पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस बरामद अन्य सामग्रियों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।