ताज़ा-ख़बर

लालू विचार केंद्र पर राजद का बड़ा बयान, जिला अध्यक्ष ने संगठन से संबंध होने से किया इनकार, कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील

रिपोर्ट: MANISH 15 घंटे पहलेझारखण्ड

राजद जिला अध्यक्ष बैजू यादव का बड़ा बयान, पार्टी के नाम और विचारधारा के अनधिकृत उपयोग पर होगी कार्रवाई

लालू विचार केंद्र पर राजद का बड़ा बयान, जिला अध्यक्ष ने संगठन से संबंध होने से किया इनकार, कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील

आदित्यपुर : एस-टाइप चौक स्थित होटल राज प्रभा में रविवार को आयोजित होने वाली लालू विचार केंद्र की बैठक के आमंत्रण पत्र जारी होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जिला इकाई ने अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की है। राजद जिला अध्यक्ष बैजू कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि लालू विचार केंद्र नामक संस्था का राष्ट्रीय जनता दल से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है और न ही यह पार्टी का कोई अधिकृत प्रकोष्ठ अथवा संबद्ध संगठन है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में बैजू कुमार यादव ने कहा कि कुछ लोग राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के नाम और उनकी विचारधारा का उपयोग कर सामाजिक न्याय के समर्थकों के बीच अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे मंचों के माध्यम से विभिन्न प्रकार की गतिविधियां एवं चंदा संग्रह जैसे कार्य भी किए जाते हैं जिनसे राजद का कोई लेना-देना नहीं है। जिला अध्यक्ष ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल राष्ट्रीय जनता दल द्वारा अधिकृत कार्यक्रमों, अभियानों और संगठनों से ही जुड़ें। किसी भी संस्था या आयोजन में भागीदारी अथवा सहयोग देने से पहले उसकी आधिकारिक स्थिति की पुष्टि अवश्य करें। बैजू कुमार यादव ने कहा कि पार्टी के नाम, चुनाव चिन्ह, शीर्ष नेतृत्व अथवा विचारधारा का अनधिकृत उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में राष्ट्रीय जनता दल अपने स्तर पर उचित और आवश्यक निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है। राजनीतिक हलकों में इस बयान को लालू विचार केंद्र की गतिविधियों से राजद द्वारा दूरी बनाने और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है। इस घटनाक्रम के बाद जिले में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

इन्हें भी पढ़ें.