बस स्टैंड दुकान विवाद में आरटीआई की एंट्री, रिकॉर्ड मांगने से बढ़ी हलचल
गरीब दुकानदारों के हित की लड़ाई या बड़ा खुलासा? जमीन और प्रक्रिया पर उठे सवाल

बरवाडीह, लातेहार : बस स्टैंड परिसर में प्रस्तावित दुकान निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने पूरे मामले में पारदर्शिता लाने और वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत विस्तृत जानकारी मांगकर बाजार और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। दीपक राज ने अंचल अधिकारी, बरवाडीह को आवेदन सौंपते हुए बस स्टैंड परिसर सहित क्षेत्र की सभी जिला परिषद भूमि से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की मांग की है। आवेदन में खाता संख्या, प्लॉट नंबर, रकवा, चौहद्दी और वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से कई गरीब दुकानदार झुग्गी-झोपड़ी और ठेले के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में यदि उन्हें स्थायी दुकान उपलब्ध होती है तो यह उनके जीवन के लिए बड़ा बदलाव साबित होगा। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी विकास कार्य में पारदर्शिता जरूरी है और यदि जमीन या प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी छिपाई जाती है तो सबसे अधिक नुकसान छोटे दुकानदारों को उठाना पड़ता है। बाजार में अब यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर किस आधार पर दुकान निर्माण के नाम पर दुकानदारों से राशि मांगी गई और प्राथमिकता दिलाने के नाम पर कथित लेन-देन की बातें क्यों सामने आ रही हैं। इन सवालों ने पूरे मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। दीपक राज ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं बल्कि सच्चाई सामने लाकर गरीब दुकानदारों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेज पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट करेंगे। इधर अंचल कार्यालय ने नियमानुसार जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। अब स्थानीय लोगों और दुकानदारों की नजर इस बात पर टिकी है कि आरटीआई से क्या खुलासा होता है और क्या प्रभावित दुकानदारों को न्याय मिल पाएगा।