बेलारूस में रूस की परमाणु सक्षम ‘ओरेशनिक’ मिसाइल तैनात, यूरोप की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
रूस-बेलारूस सैन्य गठजोड़ मजबूत, ओरेशनिक मिसाइल की तैनाती से बढ़ा भू-राजनीतिक तनाव

बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने दावा किया है कि रूस ने अपनी नवीनतम परमाणु क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइल प्रणाली ‘ओरेशनिक’ को बेलारूस में तैनात कर दिया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी हालांकि मिसाइलों की संख्या और तैनाती के सटीक स्थान को लेकर कोई तकनीकी विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया। इस घोषणा के बाद यूरोप और पूर्वी यूरोपीय क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं में इजाफा देखा जा रहा है। बेलारूस लंबे समय से रूस का रणनीतिक सहयोगी रहा है। वर्ष 2022 में यूक्रेन पर रूसी हमले के दौरान बेलारूस की जमीन का सैन्य अभियानों के लिए उपयोग किया गया था। इसके साथ ही बेलारूस ने रूसी सेना को रसद सहायता, कपड़े और सैन्य उपकरण भी उपलब्ध कराए हालांकि उसने सीधे तौर पर अपने सैनिक युद्ध में नहीं उतारे। रूस ने पहली बार ओरेशनिक मिसाइल का उपयोग नवंबर 2024 में यूक्रेन के दिनीप्रो शहर में एक रक्षा उद्योग से जुड़े ठिकाने पर किया था। उस समय रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे अमेरिका और ब्रिटेन की लंबी दूरी की मिसाइलों के जवाबी कदम के रूप में बताया था। पुतिन ने इस मिसाइल को रोक पाना लगभग असंभव बताते हुए इसकी मारक क्षमता की तुलना परमाणु हथियारों से की थी। हालांकि कई अंतरराष्ट्रीय सैन्य विशेषज्ञ रूस के इन दावों को अतिरंजित मानते हैं। बावजूद इसके बेलारूस में ‘ओरेशनिक’ मिसाइल की तैनाती से क्षेत्रीय संतुलन और वैश्विक सुरक्षा पर इसके संभावित प्रभावों को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता और गहरी होती जा रही है।