अमड़ापाड़ा की बिटिया साक्षी बनी इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरीटेंडेंट
केंद्रीय मंत्री के हाथों मिला नियुक्ति पत्र
पाकुड़। अमरापारा की साक्षी अब अफसर बिटिया बन गई है। साक्षी को केंद्रीय मंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मंगलवार को पटना में मिली है। अमरापारा मुख्य बाजार के निवासी विजय भगत की पुत्री साक्षी कुमारी ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की CGL-2025 परीक्षा में ऑल इंडिया 947वीं रैंक हासिल कर गांव के साथ , साथ अपने पूरे परिवार का नाम रोशन किया है। साक्षी का चयन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के अंतर्गत आयकर विभाग में बतौर ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर हुआ है।
साक्षी ने नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी थी। इससे पहले वे SSC MTS, SSC CHSL और SSC CGL-2024 में कामयाबी हासिल की है। लगातार परीक्षाओं में सफलता हासिल कर उन्होंने अपनी मेहनत और लक्ष्य के प्रति अपना समर्पण का परिचय दिया है।
साक्षी ने प्रारंभिक शिक्षा ज्ञान भारती विद्यालय, अमड़ापाड़ा से प्राप्त की। इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय, सिलमपुर से मैट्रिक, एसपी कॉलेज, दुमका से इंटर तथा अरविंद महिला कॉलेज, पटना से अंग्रेजी ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद साक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, दादी एवं गुरुजनों को दिया। साक्षी की इस उपलब्धि से अमड़ापाड़ा सहित पूरे पाकुड़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साक्षी शुरू से ही मेधावी छात्र रही है।