कारगिल विजय दिवस पर वीर जवानों को नमन, लक्ष्य झारखंड संस्था ने किया पौधारोपण और पूर्व सैनिकों का सम्मान
टाइगर हिल की विजय को किया याद, तिरंगा अंगवस्त्र देकर पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित

गम्हरिया : कारगिल विजय दिवस की स्मृति में लक्ष्य झारखंड एक सेवा संस्था, गम्हरिया की ओर से शनिवार को जगन्नाथपुर पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करना था। इस अवसर पर भारतीय सेना एवं पुलिस बल से सेवानिवृत्त गौरी शंकर तिवारी, मथुरा सिंह, रामसेवक सिंह एवं राजेंद्र सिंह को तिरंगा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शौर्य और पराक्रम को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि 27 वर्ष पूर्व भारतीय सेना ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कारगिल के टाइगर हिल पर तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाया था। उनकी वीरता और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में संस्था की सचिव रश्मि भेंगरा सहित मनीष कुमार सिंह, कमलदेव राय, राहुल सिंह, कमलेश सिंह, विनय सिंह, अमरेश कुमार, मनोज सिंह, जितेन गोप, धनंजय कुमार, छोटू सिंह, रिजु कुमार, पुतना प्रमाणिक, तारक गोप, राकेश शर्मा, अभिषेक मिश्रा, पूनम ठाकुर, नीरज शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।