ताज़ा-ख़बर

बालू माफियाओं ने नदी को बना दिया मौत का जाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव का चांडिल प्रशासन पर तीखा हमला

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेझारखण्ड

शहरबेड़ा छठ घाट हादसा प्रशासनिक लापरवाही ही नहीं, बालू माफिया की खुली मनमानी का परिणाम : भाजपा

बालू माफियाओं ने नदी को बना दिया मौत का जाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव का चांडिल प्रशासन पर तीखा हमला

सरायकेला : चांडिल के शहरबेड़ा छठ घाट पर तीन लोगों की दर्दनाक डूबने की घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नाराज़गी तेज़ हो गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशासन और बालू माफियाओं दोनों को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ जैसे पवित्र अवसर पर ऐसी त्रासदी होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और प्रशासनिक विफलता का नतीजा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इसी घाट पर पहले भी हादसे हो चुके हैं तो सुरक्षा और बैरिकेडिंग की उचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई? भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बालू माफियाओं ने नदी को पूरी तरह खंखोर दिया है जिसके कारण उसकी गहराई खतरनाक स्तर तक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि नदी में बने गहरे खड्डों का अंदाज़ा किसी श्रद्धालु को नहीं होता। ये खड्डे मौत के कुएं में तब्दील हो चुके हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। सिंहदेव ने कहा कि बालू का अवैध खनन सिर्फ पर्यावरण को नहीं बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बन गया है। उन्होंने मांग की कि बालू माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की जाए और चांडिल अनुमंडल प्रशासन की जिम्मेदारी तय की जाए जो हर बार हादसे के बाद केवल बयानबाज़ी तक सीमित रह जाता है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की भी मांग की और कहा कि प्रशासन अगर पहले से सक्रिय रहता तो यह त्रासदी टल सकती थी। वहीं भाजपा सरायकेला-खरसावां जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि अब समय आ गया है कि बालू माफिया और उनसे सांठगांठ करने वाले अधिकारियों पर शिकंजा कसा जाए। नदी को लूटने की साजिश अब लोगों की जान लील रही है और यह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़ें.