बाल विवाह और डायन प्रथा के खिलाफ सरायकेला में एकजुट हुआ प्रशासन, अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला आयोजित
हमारा संकल्प - सुरक्षित एवं सशक्त झारखंड अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण पर जोर

सरायकेला : सामाजिक कुरीति निवारण योजना के अंतर्गत हमारा संकल्प - सुरक्षित एवं सशक्त महिला सशक्त झारखंड कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर भवन, सरायकेला में बाल विवाह मुक्त झारखंड एवं डायन प्रथा उन्मूलन विषयक अनुमंडल स्तरीय एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूती देना रहा। कार्यशाला के दौरान बाल विवाह मुक्त झारखंड पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया जिसके माध्यम से बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्यगत दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को बाल विवाह और डायन प्रथा से जुड़े कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह, दहेज एवं डायन प्रथा उन्मूलन की शपथ दिलाई। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि बेटियों को समान शिक्षा और अवसर देकर ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उप विकास आयुक्त ने शिक्षा और जागरूकता को सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का मूल आधार बताया और टोल फ्री हेल्पलाइन 181 पर सूचना देने की अपील की। पद्मश्री छुटनी महतो ने अपने संघर्ष अनुभव साझा कर लोगों को सामाजिक बुराइयों के खिलाफ निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा दी।